नोडल अधिकारी, सचिव/ प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम संजय प्रसाद के सामने लोहिया ग्राम मिल्क सुल्तान के ग्रामीणों ने बिजली अव्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि 15 दिन से तार टूटा होने के चलते गांव में बिजली नहीं आ रही है। बिजलीकर्मी तार सही करने के लिए सुविधाशुल्क की मांग करते हैं।
इस पर सचिव ने बिजली विभाग के एक्सईएन को फटकार लगाते हुए 24 घंटे में आपूर्ति चालू करने के निर्देश दिए। सचिव ने ढाईघाट पुल और ब्लाक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। बरसात के चलते कर्मचारी उन पर छाता ताने रहे।
नोडल अधिकारी संजय प्रसाद गुरुवार को लोहिया ग्राम मिल्क सुल्तान का निरीक्षण करने पहुंचे। सचिव के आने की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सचिव गांव में कराए गए विकास कार्यों का जायजा ले ही रहे थे कि ग्रामीणों ने बिजली अव्यवस्था के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि 15 दिन से गांव में बिजली नहीं आ रही है। तार टूटे पड़े होने के चलते यह दिक्कत आ रही है। बिजली कर्मचारी तार जोड़ने के नाम पर सुविधाशुल्क मांग रहे हैं। इस पर सचिव ने एक्सईएन अमर सिंह को फटकार लगाते हुए आदेश दिए कि 24 घंटे में तार ठीक कराकर बिजली आपूर्ति चालू की जाए।
ग्रामीणों ने प्रधान रामवती यादव के देवर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने चहेतों के यहां ही शौचालय बनवाए हैं। इस पर सचिव ने जांच का आश्वासन दिया।
इसके बाद सचिव ढाईघाट पर बने रहे स्थायी पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पीडब्लूडी के जेई गेंदालाल को आदेश दिए कि पुल निर्माण में धांधली न बरती जाए। मानक के अनुसार ही निर्माण सामग्री लगवाई जाए।
इसके बाद सचिव ब्लाक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कंप्यूटर आदि देखे। ब्लाक कार्यालय में सचिव को व्यवस्था ठीक मिली। इस अवसर पर जिलाधिकारी एनकेएस चौहान, पुलिस अधीक्षक विजय यादव, सीडीओ एसएन शुक्ल, पीडी डा. डीआर विश्वकर्मा, डीडीओ प्रह्लाद सिंह, सीएमओ डा. राकेश कुमार, एसओ प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।