कंपिल। प्रधानमंत्री आवास के लिए ग्राम विकास अधिकारी का रुपये लेते वीडियो वायरल हो रहा है। उच्चाधिकारियों ने मामला संज्ञान में न होने की बात कही। वहीं, ऐसा होने पर गहनता से जांच कराने की बात कह रहे हैं। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विकास खंड कायमगंज के ग्राम विकास अधिकारी जयवीर सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वह आवास के नाम पर रुपये लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ग्रामीण से 70 हजार रुपये की मांग की जा रही है। हजार रुपये मिलने पर वीडीओ नाराजगी जता रहे हैं। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति की चप्पल उलटी पड़ी होने पर उसे गाली देकर सही और गलत का पाठ पढ़ा रहे हैं। ब्लॉक का एक चतुर्थी श्रेणी कर्मचारी रुपये को कुर्सी पर बैठकर गिनती कर रहा है। ग्रामीण शेष रुपये किस्त आने के बाद देने की बात भी कह रहा है।
खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उपजिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया मामला उनके विभाग का नहीं है। जानकारी कर खंड विकास अधिकारी से कार्रवाई के लिए कहेंगे। गौरतलब है कि वीडीओ जयवीर पर बीते दिनों सर्वेक्षण के दौरान प्रधान व उसके साथियों ने हमला कर मारपीट कर दी थी। अब उनका रुपये लेते वीडियो वायरल हो रहा है।