फर्रुखाबाद। एल-2 अस्पताल फतेहगढ़ में एक वर्ष से रखे 10 वेंटीलेटर में अब तक सिर्फ पांच ही चालू हो सके हैं। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने वेंटीलेटर न चल सकने पर जिलाधिकारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में फटकार लगाई है।
अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह और मई के पहले सप्ताह में कोरोना संक्रमण के कहर से जनता कराह उठी थी। जहां मरीजों का ऑक्सीजन लेबल डाउन हो रहा था, वहीं जिले में आक्सीजन की भी किल्लत हो गई थी। आक्सीजन के लिए खाली सिलिंडर भी ढूंढे नहीं मिले। वहीं 100 बेड के एल-2 अस्पताल में गत वर्ष से रखे 10 वेंटीलेटर स्टोर की शोभा बढ़ाते रहे थे। मामला शासन तक पहुंचा तब जिम्मेदारों की नजर व्यवस्थाओं पर गई। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के सख्त रुख पर सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने पांच बेड के आईसीयू वार्ड में वेंटीलेटर रखवाए। करीब एक सप्ताह से पांच वेंटीलेटर चालू हैं। आईसीयू वार्ड में एक-दो मरीज भर्ती कर इलाज भी किया गया। वहीं पांच वेंटीलेटर अभी भी रखे हैं।
वहीं लोहिया अस्पताल में रखे वेंटीलेटर भी चालू करने का प्रयास नहीं किया गया। इन दिनों में जिले में कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों की संख्या भी घट रही है। इसके साथ ही जरूरतमंदों के लिए अस्पतालों से लेकर घर के लिए भी आक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध हो रहे हैं। पांच बेड के आईसीयू वार्ड में एक महिला मरीज ही भर्ती है। डीएम व सीएमओ प्रतिदिन अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखे हैं। सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने बताया कि एल-2 अस्पताल में पांच वेंटीलेटर चालू हैं, जबकि पांच और वेंटीलेटर चालू करने की तैयारी है। लोहिया अस्पताल में रखे चार वेंटीलेटर में एक खराब है। जबकि तीन वेंटीलेटर चालू करने के लिए फर्म को पत्र लिखा गया है। जून में वह भी चालू कर दिए जाएंगे। अब किसी भी अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई समस्या नहीं है।