भीषण गर्मी में दो घंटे जाम से जूझे शहरी
फर्रुखाबाद। शहर में शुक्रवार को तीन स्थानों पर करीब दो घंटे लगे जाम से लोगों का हाल बेहाल हो गया। इस दौरान पसीने से तरबतर लोग व्यवस्था को कोसते नजर आए। हरकत में आए पुलिस महकमे ने काफी प्रयास के बाद जाम खुलवाया। बाद में टीएसआई (यातायात निरीक्षक) ने चेकिंग अभियान चलाकर नौ ई-रिक्शों को पकड़कर चालान कर दिया।
इन दिनों कोरोना काल के चलते सिर्फ एक तरफ का बाजार ही खोला जा रहा है। इसके बावजूद हालात ऐसे हैं कि लगभग हर रोज दो-दो घंटे जाम लग रहा है। पुलिस-प्रशासन इस समस्या से मुक्ति नहीं दिलवा पा रहा है। शुक्रवार को भी घुमना, लिंजीगंज और बढ़पुर में जाम लग गया। दोपहर 12 बजे के करीब लगा जाम दो बजे के बाद सामान्य हो सका।
हालात ऐसे रहे कि जब पुलिस ने घुमना का जाम जैसे तैसे खुलवाया, तो चौक पर वाहनों की कतारें लग गईं। घुमना पर एक साथ चारों ओर से आए ई-रिक्शा, टेंपो और कारों की वजह से जाम उलझ गया। काफी मशक्कत के बाद कोतवाली पुलिस के सिपाहियों ने यातायात सामान्य कराया।
जाम लगने की मुख्य वजह ई-रिक्शा होने की सूचना मिलने के बाद टीएसआई ने घुमना पहुंचकर ई-रिक्शा की धरपकड़ अभियान चलाया। इसमें नौ ई-रिक्शा चालकों के चालान काटे गए। जब पुलिस ने पकड़ना शुरू किया, तो रिक्शा चालक इधर-उधर गलियों में भागते नजर आए। जब तक बाजार में कारों, टेंपो, ई-रिक्शा का घुसना बंद नहीं होगा, तब तक जाम पर काबू पाना नामुमकिन है।
‘अब शहर के मुख्य बाजार में रोजाना ई-रिक्शा, टेंपो व कार की धरपकड़ होगी। मित्तूकूंचा पर बैरियर लगाकर दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी है। यहां से किसी भी चार पहिया वाहन को बाजार में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।’ -देवेश कुमार, टीएसआई