फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में सोमवार को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के लिए बाजार से सिरिंज मंगवाने पर मरीजों ने हंगामा कर दिया। मरीजों का गुस्सा देख सीएमएस ने आनन-फानन सिरिंज मंगवाई, तब कहीं इंजेक्शन लगाए जा सके।
लोहिया अस्पताल में कुत्ता और बंदर काटने वाले औसतन 100 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। शनिवार को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने वाले कक्ष में सिरिंज खत्म हो गईं। कक्ष में मौजूद कर्मचारी ने मांग भी भेज दी, मगर अस्पताल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
सोमवार सुबह एंटी रैबीज लगवाने वालों की भीड़ लग गई। स्टाफ ने सभी को बाजार से सिरिंज लाने के लिए कहा। सुबह 11 बजे तक करीब 50 लोग बाहर से सिरिंज लाकर इंजेक्शन लगवा चुके थे। इसके बाद जब भीड़ बढ़ी तो लोगों में गुस्सा भड़क गया।
मरीज सीएमएस के दफ्तर के सामने पहुंच गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सीएमएस दफ्तर से बाहर नहीं निकले। मरीजों का हंगामा देख सुरक्षा में लगे होमगार्ड और कुछ कर्मचारी भी पहुंच गए। वे मरीजों को समझाते रहे।
मगर, उन्होंने किसी भी हालत में बाजार से सिरिंज न लाने की बात कह दी। मरीजों का गुस्सा देख आनन-फानन में सिरिंज की व्यवस्था करवाई गई। करीब आधा घंटे तक ओपीडी में हंगामा होता रहा। बमुश्किल समझा-बुझाकर लाइन लगवाकर लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाए गए।
सीएमएस ने बताया कि डिमांड भेज दी गई थी, मगर आपूर्ति नहीं हो सकी। इसीलिए दिक्कत आई। अब मंगवा ली गई हैं।