उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद के कमालगंज में रोकने के बाद भी फोन पर किसी से बात करने से नाराज भाई ने बहन को टकोरे के वार से मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी किशोर ने खुद ही थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। गांव पहुंचकर पुलिस ने उसका मोबाइल व हत्या में प्रयुक्त टकोरा बरामद कर लिया।
गांव देवराजपुर निवासी ग्रामीण जयपुर में चप्पल फैक्टरी में काम करता है। उसके साथ बड़ा बेटा भी वहीं रहकर काम करता है। परिवार गांव में रहता है। उसकी 14 वर्षीय पुत्री फोन पर किसी से बात करती थी। उसका 16 वर्षीय भाई (बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र) इसका विरोध करता था। मंगलवार को दिन भी किशोरी ने फोन पर किसी से बात की।
इसकी जानकारी भाई को हो गई। इस पर शाम को करीब साढ़े चार बजे उसने बहन को घर के कमरे में बुलाया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर टकोरे से बहन की गर्दन और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मार डाला। चीखपुकार सुन बाहर के कमरे में जरदोजी का काम कर रही मां व अन्य दो बहनें अंदर गईं। तभी किशोर टकोरे के साथ कमरे से निकलकर भाग गया।