फर्रुखाबाद। माध्यमिक विद्यालयों में साल भर पढ़ाने, प्रयोगात्मक व लिखित परीक्षा कराने का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इसी के आधार पर शिक्षण कार्य कराने के साथ परीक्षाएं भी करानी होंगी। फरवरी 2023 में एक से 15 तक 10वीं व 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जाएंगी।
अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला ने माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश से लेकर परीक्षा कराने तक के कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी कर दिया है। 21 जून को विश्व योग दिवस विद्यालयों में मनाया जाएगा। कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों की ईमेल आईडी बनवाई जाएगी। सितंबर 2022 के अंतिम सप्ताह में अर्द्धवार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षाएं और अक्तूबर के द्वितीय सप्ताह में लिखित परीक्षाएं होंगी।
इनके अंक परिषद की वेबसाइट पर नवंबर में अपलोड करने होंगे। 15 जनवरी तक सभी कक्षाओं का शिक्षण कार्य पूरा करना होगा। कक्षा 10 व 12वीं की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2023 के तृतीय सप्ताह में होंगी।
कक्षा नौ से 12वीं तक की लिखित परीक्षाएं एक से 15 फरवरी तक कराई जाएंगी। इनके अंकों को 16 से 28 फरवरी तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। मार्च में बोर्ड परीक्षाएं होंगी।