फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2025 की परीक्षा के बाद जो अंक पत्र वितरित करेगा, उसमें कई बदलाव नजर आएंगे। पहली बार ऐसा अंक पत्र जारी होगा, जो पानी में भीगने के बावजूद गलेगा नहीं। इसके अलावा अन्य बदलाव भी किए जाएंगे। यानी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में पंजीकृत 46,637 छात्र-छात्राओं को नए कलेवर की मार्कशीट मिलेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड के अंक पत्र व सह प्रमाण पत्र में बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत ए-4 साइज के कागज में अंक पत्र व सह प्रमाण पत्र छापे जाएंगे। इससे अंक बड़े-बड़े दिखाई देंगे। अभी तक छोटे कागज पर छपाई होती थी। अंक पत्र में जो मोनोग्राम लगा होगा वह धूप-छांव के अनुसार बदलेगा।
मोनोग्राम को जब हम धूप में देखेंगे तो वह लाल रंग का हो जाएगा तो छांव में इसका रंग बदल जाएगा। अंक पत्र में कुछ सुरक्षात्मक उपाय इस तरह किए जा रहे हैं, जो सिर्फ अल्ट्रावायलेट किरणों में ही दिखेंगे। यानी अब कोई अंक पत्र से छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा। अंक पत्र का कागज ऐसा होगा, जिसे खुरचकर उस पर ओवरराइटिंग नहीं की जा सकेगी। अंक पत्र में बदलाव होने से फर्जीवाड़ा भी जल्द पकड़ में आएगा।
-
परिषद सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर वर्ष 2025 के दौरान यूपी बोर्ड के जारी होने वाले अंकपत्र व सह प्रमाण पत्र में बदलाव किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि जनपद के 271 माध्यमिक विद्यालयों में हाईस्कूल में 24,405 व इंटरमीडिएट में 23,232 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। - नरेंद्र पाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक