उन्नाव। अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से दो मोहल्लों की छह से नौ घंटे तक बिजली गुल रही। घंटों बिजली न आने से आवास विकास काॅलोनी व शिवनगर मोहल्लों के लोग परेशान हुए।
सोनिक ट्रांसमिशन से आवास विकास उपकेंद्र जुड़ा है। इनके बीच से 18 किमी लंबी 33 केवी भूमिगत लाइन बिछी है। वहीं उपकेंद्र से आवास विकास कालोनी व शिवनगर जुड़े हैं। मंगलवार सुबह आठ बजे भूमिगत केबल में फाल्ट आ गया। लाइन भूमिगत होने से फाल्ट लोकेटर की जरूरत पड़ी। किसी तरह से फाल्ट ढूंढ़कर मरम्मत शुरू की।
दोपहर करीब दो बजे आवास विकास कालोनी के तीनों ब्लॉकों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन शिवनगर में दूसरा फाल्ट आ गया। इससे आपूर्ति शाम पांच बजे चालू हो सकी। जेई कमलेश प्रजापति ने बताया कि लोकेटर से भूमिगत फाल्ट ढूंढने में समय लगा। इसलिए आपूर्ति बहाल करने में देरी हो गई। उधर, अजगैन उपकेंद्र में मरम्मत कार्य के चलते सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक रायपुर गढ़ी, नवाबगंज, नवई, अजगैन आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।