लोहिया अस्पताल में पुरुषोत्तम के गमगीन बैठे परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। गंगा स्नान करने पांचालघाट जाते समय पुनपालपुर के युवकों की बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और तीसरे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पुनपालपुर निवासी रंजीत उर्फ रंजन (21) पुत्र ओमकार वर्मा शनिवार रात करीब 10 बजे गंगा स्नान करने पांचालघाट आ रहे थे। साथ में दोस्त टीटू वर्मा (19) पुत्र स्व. रामनरेश और पुरुषोत्तम वर्मा (18) पुत्र ज्ञान सिंह भी थे। बाइक टीटू चला रहा था। हमीरखेड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर सिपाही अखिलेश जादौन ने रात करीब 12 बजे घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने पुुरुषोत्तम वर्मा और टीटू को मृत घोषित कर दिया। कुछ में परिजन भी पहुंच गए। रंजीत को निजी अस्पताल ले जाया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। चाचा सर्वेश ने बताया कि टीटू के माता-पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में बड़ा भाई पूरन लाल और बहन रेनू है। टीटू ट्रैक्टर चलाता था। सर्वेश ने बताया कि शनिवार रात साढ़े नौ बजे तीनों युवकों ने खाना खाया। सोने से पहले अचानक गंगा स्नान का कार्यक्रम बना लिया।
मार्च में होने थी पुरुषोत्तम की शादी
पुरुषोत्तम की मां जलेबश्री भी अस्पताल पहुंच गईं। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि चार पुत्रों में पुरुषोत्तम तीसरे नंबर का था। अनिल, सत्येंद्र और प्रभात तीन पुत्र हैं। मार्च में पुरुषोत्तम की शादी होनी थी। घर में तैयारियां चल रही थीं।
दो युवकों की मौत पर उमड़ी भीड़
पुरुषोत्तम और टीटू का गांव में अच्छा व्यवहार था। उनकी मौत की खबर पर रिश्तेदारों के अलावा गांव के बड़ी संख्या ग्रामीण लोहिया अस्पताल पहुंच गए। कुछ लोगोें ने बताया कि तीनों युवक रोड के किनारे खड़े थे। उसी समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। वाहन की गति काफी तेज बताई जा रही थी। तेज आवाज होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए थे।