फर्रुखाबाद। शादी का झांसा देकर एक युवती ने सराफा कारोबारी के घर से 15 लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। युवती ने जेवरात एक सराफ के यहां गलवा दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कूंचा भवानीदास निवासी प्रशांत वर्मा से दूसरे मोहल्ले की एक युवती ने नजदीकी बनाई। उसने शादी का झांसा देकर घर पर आना-जाना भी शुरू कर दिया। बताते हैं कि युवती ने कुछ दिन पहले प्रशांत को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। इस घटना की भनक लगने पर प्रशांत ने विरोध किया। इसके बाद दोनों में अनबन हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद सक्रिय पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पता चला कि युवती के परिवार में भी सराफा का काम होता है। उसने पूरे जेवरात बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी को कोतवाली में बुला लिया। पुलिस ने जेवरात खरीदने वाले सराफा से भी जानकारी हासिल की। देर रात तक कोतवाली में दोनों पक्षों के लोग डटे रहे। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत ने बताया कि प्रशांत के घर चोरी की घटना हुई है। तहरीर मिल गई है। प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।