फर्रुखाबाद। दबंग मामा-भांजे ने रेलवे के गेटमैन को पीट दिया। गेटमैन जब गुमटी की ओर भागा, तो गले में गमछा फंसा कर गिरा दिया। गुमटी में रखे सरकारी कागजात भी फाड़ दिए। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली के नेकपुर रेल फाटक पर तैनात गेटमैन हरपाल सोमवार को ड्यूटी पर था। रात करीब डेढ़ बजे नेकपुर चौरासी निवासी शानू तिवारी (36) अपने मामा लालू मिश्रा (37) निवासी जौहरखेड़ा थाना गुरसहायगंज, कन्नौज के साथ रेल फाटक पर पहुंचे। दोनों में किसी बात पर विवाद होने लगा। इसी दौरान मामा-भांजे ने हरपाल को पीटना शुरू कर दिया। हरपाल गुमटी की तरफ भागा, तो आरोपियों ने उसके गले में गमछा डालकर गिरा लिया। गुमटी में रखे सरकारी कागज भी फाड़ दिए।
आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। सूचना पर आरपीएफ इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने आरोपियों को घर पर तलाश किया, मगर वह नहीं मिले। आरपीएफ ने गेटमैन की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। आरपीएफ ने मंगलवार देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।