कायमगंज। क्षेत्र के टेढ़ीकोन स्थित पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मामा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
शमसाबाद क्षेत्र के गांव किसरोली निवासी अखिलेश गंगवार (60) गांव अमलैया मुकेरी निवासी अपने भांजे कर्मवीर सिंह के साथ बाइक से कायमगंज बाजार से होकर घर जा रहे थे। फर्रुखाबाद रोड पर टेढ़ी कोन स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठे अखिलेश सड़क के बीच गिर गए, उनके ऊपर से बस का पहिया निकल गया। बुरी तरह कुचलने से अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे कर्मवीर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच सड़क से शव हटवाकर रास्ते को साफ कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल कर्मवीर सिंह का पैर टूट गया, इससे उन्हें सीएचसी भेजा गया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विदेश में नौकरी करता है बेटा
कायमगंज। गांव किसरोली निवासी अखिलेश गंगवार के बड़े पुत्र आशीष (30) अफ्रीका में नौकरी करते हैं। छोटा पुत्र प्रिंस (28) पंजाब में नौकरी करता है। छोटे पुत्र की भी विदेश जाने की तैयारी है। परिजनों ने बताया कि उनके पुत्र दो दिन पहले ही माता-पिता से मिलकर गए हैं। अचानक मौत से पत्नी गुड्डी देवी काफी दुखी हैं।