कमालगंज। बरात में गाना बजाने को लेकर डीजे संचालक से अभद्रता करने का विरोध करना ग्रामीण को भारी पड़ गया। युवकों ने ग्रामीण के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर दी। बीच बचाव में आए भतीजे को भी पीट दिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के छीतापुर कपूरापुर निवासी सर्वेश कुमार ने बहोरानपुर टप्पा हवेली के राजेंद्र, आकाश, विकास, मोहित व रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि रविवार रात करीब 11 बजे वह मित्र दयाशंकर की बेटी वर्षा की शादी में शामिल होने बहोरनपुर टप्पा हवेली गांव आया था। बरात दरवाजे पर आ गई थी और टीका चढ़ रहा था। इस दौरान आरोपी डीजे बजा रहे युवकों से गाना बजाने को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
माहौल बिगड़ता देख वह पहुंचा और गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपी उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने आए भतीजे हिमांशु राजपूत के साथ भी मारपीट की। बरातियों के बीच बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मारपीट में उसके व भतीजे के चोट आई। सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र व मोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।