रात में होने वाली बिजली की अघोषित कटौती के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन
शुरू हो गया है। फर्रुखाबाद विकास मंच के लोगों ने बुधवार को फतेहगढ़
गुरुद्वारा के पास फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
करीब बीस मिनट बाद फतेहगढ़ कोतवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। इन्होंने जाम
लगाने वालों को समझाकर शांत किया। बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से
वार्ता करने के आश्वासन पर जाम खुला।
बिजली की अघोषित कटौती से शहर से
लेकर गांव तक हाहाकार है। शहरी क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति
होना बंद हो गई है। रात भर बिजली कटौती होने से जनता ने सड़कों पर उतरकर
प्रदर्शन शुरू कर दिया है। तीन दिन पूर्व व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने शहर
और ग्रामीणों ने मोहम्मदाबाद में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी थी। इसके बाद
भी
विभागीय अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेगी। बिजली का हाल जस का तस
है। इससे खफा लोगों ने फर्रुखाबाद विकास मंच के बैनर तले फतेहगढ़
गुरुद्वारा के पास मुख्य मार्ग पर बुधवार की दोपहर में जाम लगा कर बिजली
विभाग के अफसरों के खिलाफ नारे लगाए। जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की
कतारें लग गईं। राहगीर जाम में फंस कर गर्मी से बेहाल रहे।
जाम की
जानकारी पर फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इन्होंने जाम लगाए लोगों को समझाया। जाम लगाने वालों ने इन्हें ही ज्ञापन
सौंपा। इसमें कहा गया कि शहरी क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति
नहीं हो रही। कटौती की जा रही है। इस कारण आठ से नौ घंटे तक ही बिजली मिल
रही है। बिजली की अघोषित कटौती बंद नहीं की गई तो बिजली विभाग के खिलाफ
आंदोलन चलाया जाएगा। इन्होंने कहा कि बिजली की कटौती से शीघ्र निजात दिलाई
जाए। कोतवाल ने कहा कि इस संबंध में प्रशासनिक और बिजली विभाग के अफसरों
से बात की जाएगी।
जेई और लाइन मैन को घेरा, सुनाईं खरीखोटी
आठ दिन से तीन मोहल्लों की बिजली गुल होने से गुस्साए लोगों ने बुधवार को
अवर अभियंता और लाइनमैन को घेर लिया। इन पर पोल से तार जोड़ने के नाम पर
रुपये मांगने का आरोप लगाया है। लोगों ने इन्हें खरीखोटी सुनाई।
पोल से
तार टूटने के कारण मोहल्ला गढ़ी, सारुदगया, बढ़इयन टोला की आठ दिन से
बिजली गायब है। बिजली आपूर्ति के
लिए तार जोड़ने के लिए मोहल्ले के लोगों
ने जेई और लाइनमैन से कई बार कहा। सुनवाई न होने पर बुधवार को लोगों ने
मदरसा के पास जेई मोहित लवलानी और लाइनमैन राजेश को घेर लिया। इनको लोगों
ने खरीखोटी सुनाते हुए तार जोड़ने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
लगाया। इसको लेकर जेई, लाइनमैन और मोहल्ले के लोगों के बीच नोकझोंक
हो गई।
हाथापाई की नौबत देख जेई और लाइनमैन ने तार शीघ्र जोड़कर आपूर्ति शुरू किए
जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान
बसपा नेता खुशाल मियां, शाकिर अली, दिलशाद, वसीउल्ला, नौशाद भाई, गुड्डू,
अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे। अवर अभियंता मोहिल लवलानी ने बताया कि तार
जोड़ने के नाम पर रुपये मांगने को आरोप गलत है।
रात भर गायब रहती है बिजली
बिजली की अघोषित कटौती से 10.10 बजते ही रात और काली हो जाती है। हर तरफ
अंधेरा होने से सांय सांय की आवाज आती है। चाय व पान मसाला की दुकानें किए
व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर चले जाते हैं। व्यापारियों और जनता
को अब रात भर बिजली गायब रहने के कारण चोरी व अन्य घटनाओं का डर सताने लगा
है।
बिजली के लिए जारी रोस्टर धड़ाम हो गया है। मनमाने तरीके से
आपूर्ति हो रही है। रात होते ही कटौती शुरू होती है। रात के 10.10 बजते ही
इमरजेंसी के नाम पर तीन घंटे की कटौती कर ली जाती है। रात 1.30 बजे आपूर्ति
शुरू होने के बाद लोकल फाल्ट के चलते बिजली गुल हो जाती है। रात तीन से
सुबह छह बजे तक रोस्टर के अनुसार कटौती की जाती। इस
तरह रात भर बिजली गुल
रहती है। यह हाल एक दिन का नहीं, रोज का है। इससे बाहर से आने वाले
यात्रियों, व्यापारियों को चोरी व अन्य घटनाओं के होने का डर बना रहता है।
रात की कटौती से बाजार में रात नौ बजे सन्नाटा हो जाता है। व्यापारी नेता
उमेश चतुर्वेदी का कहना है कि रात में कटौती के कारण दुकानों के ताले टूटने
का भय रहता है। व्यापारी
मुन्ना लाल वार्ष्णेय का कहना है कि रात कटौती से
दुकानदारी ठप है। व्यापारी रविंद्र कुमार का कहना है कि शाम को बिजली के
आने का कोई समय नहीं है। अधिकांश समय गायब रहती है। इससे दुकान को जल्द बंद
करना पड़ता है। इससे व्यापार पर असर पड़ रहा है।
कटौती का यह है रोस्टर
सुबह 8 से 11 बजे तक कटौती
शाम 4 से सात बजे तक कटौती
रात में 3 से प्रात: 6 बजे तक कटौती
यह है आपूर्ति का समय
सुबह 6 से 8 बजे तक
दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक
शाम 7 से रात 3 बजे तक
इस तरह हो रही आपूर्ति और कटौती
सुबह
6 से 8 बजे तक, दोपहर में 11 से शाम 4 बजे आपूर्ति के दौरान दो घंटे
कटौती, शाम 7 से रात 3 बजे तक आपूर्ति के दौरान रात नौ बजे तक एक घंटे की
कटौती ट्रिपिंग और लोकल फाल्ट, रात 10.10 से रात 1.10 बजे तक इमरजेंसी
कटौती, 1.10 से रात 3 बजे के बीच एक घंटे की अघोषित कटौती और रात तीन से
सुबह छह बजे तक रोस्टिंग से कटौती।
50 गांवों की 24 घंटे बिजली रही गुल
विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन की ट्राली फुंकने से लगभग 50 गांवों की
बिजली 24 घंटा गुल रही। ट्राली की मरम्मत के बाद बुधवार की शाम को आपूर्ति
शुरू हो सकी। अमृतपुर विद्युत उपकेंद्र से अमृतपुर, चपरा फीडरों से
ग्रामीण इलाकों में बिजली सप्लाई की जाती है। यह दोनों फीडर एक इनकमिंग
मशीन से चलते हैं। मंगलवार की शाम अचानक हाईटेंशन लाइन
में आए फाल्ट के
कारण इनकमिंग मशीन की ट्राली जोरदार धमाके से फट गई। इससे दोनों फीडरों से
गांवों को होने वाली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी जानकारी पर जेई ने कर्मचारियों
के माध्यम से ट्राली की मरम्मत का काम शुरू कराया। इस कारण गांव लीलापुर,
हरसिंहपुर, गहलवार, राजपुर, पथिनापुर, रूलापुर, चपरा, भावन, गुडेरा,
कुम्हरौर, गूजरपुर, हुसेनपुर,
कुवेरपुर, डांडीपुर, नगलाइशा, वलीपट्टी
रानीगांव, भुवनपुर, ताजपुर, नयागांव, लभेड़ा, करनपुरदत्त समेत लगभग 50
गांवों की बिजली बुधवार शाम तक गायब रही। ट्राली सही होने के बाद मशीन में
लगाई गई। इसके बाद देर शाम गांवों की बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।