दुर्घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के तालग्राम-ताहपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा गया। दोनों बाइकों के चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। इस कारण सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने तीनों को ब्रेन हेमरेज बताया है।
औरैया जनपद के बेला थाना के गांव गपचरियापुर निवासी अनिल कुमार (35) पुत्र वीरेंद्र सिंह अपनी ससुराल लुधपुरा से ससुर मदन मोहन से गुरुवार सुबह थाना तालग्राम में बहन के गांव बिरौली में जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे।
फर्रुखाबाद के कमालगंज कस्बे के रेलवे रोड का निवासी अशोक कुमार (30) अपने भतीजे सूरज (20) साथ में बाइक से तालग्राम थाना के गदनापुर गांव आया था। दोपहर को भवानीसराय गांव के मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
इसमें दोनों बाइक सवार रोड पर पचास से साठ फिट तक घिसटते चले गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने पुलिस और एंबुलेंस की सूचना दी। यूपी 100 डायल के सिपाही रामऔतार, 108 के अरुण कुमार ने तीनों घायलों को सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान डा. इरशाद ने अशोक कुमार (30) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भतीजे सूरज की हालत गंभीर है।