फर्रुखाबाद। हरदोई के सांडी में बरात पहुंचने पर नीचे उतरकर खड़े दो ग्रामीणों को दुग्ध वाहन ने टक्कर मार दी। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे।
फतेहगढ़ कोतवाली के गांव भरहेपुर निवासी अमृतलाल के बेटे की बृहस्पतिवार शाम हरदोई के सांडी में बरात गई थी। उसमें शामिल गांव के ही रामतीर्थ (47) और बबलू (27) जैसे ही सांडी में कार से उतरकर सड़क पर खड़े हुए, तभी तेज रफ्तार दुग्ध वाहन ने टक्कर मार दी। बबलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल रामतीर्थ को परिजन निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत में सुधार न होने पर शुक्रवार सुबह लोहिया अस्पताल लाए। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई जागेश्वर ने बताया कि रामतीर्थ पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उससे बड़े आशाराम और छोटे अमृतलाल व पंचम लाल हैं। पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र रामू, राममोहन, रामकृष्ण, अरविंद व हिमांशु हैं। बबलू के भाई सोनू, चंद्रप्रकाश व बहन प्रीती है। पत्नी व एक बेटा भी है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।