कायमगंज में तहसील कायमगंज में तैनात एक लेखपाल ने महिला की वरासत समय से दर्ज नहीं की। दूसरे ने जमीन का दाखिल खारिज करने के लिए रिश्वत मांगी तो इसका ऑडियो वायरल हो गया। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रभारी एसडीएम अनिल कुमार ने दोनों लेखपालों को निलंबित कर दिया है।
कायमगंज तहसील के कंपिल क्षेत्र में तैनात लेखपाल रोहित अवस्थी ने कंपिल निवासी दिवारी लाल पाठक की भूमि को उनके नाम दाखिल करने के बदले रिश्वत मांगी। दोनों के बीच फोन पर लेनदेन की बात हुई। यह ऑडियो वायरल हुआ तो जिलाधिकारी ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया गया लेखपाल रोहित अवस्थी ने क्षेत्र की शिकायतों व आय, जाति, मूल निवास प्रमाण पत्रों में रिपोर्ट लगाने में भी लापरवाही बरती है।
इसके अलावा नवाबगंज क्षेत्र के गांव गुठिना निवासी अमर सिंह की मौत के बाद उनकी भूमि क्षेत्रीय लेखपाल अरुण कुमार ने उनकी पत्नी नन्हीं देवी के नाम समय से दर्ज नहीं की। वरासत दर्ज करने में लापरवाही की जिलाधिकारी से शिकायत की गई। इसके बावजूद लेखपाल ने काम नहीं किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कायमगंज तहसील के प्रभारी एसडीएम सदर अनिल कुमार ने दोनों लेखपालों को निलंबित कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है।