संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। बाजार से शादी की खरीदारी कर लौट रहीं दो बहनों को ई-रिक्शा में महिला टप्पेबाजों ने निशाना बना लिया। टप्पेबाज गले से सोने की चेन और झोले से आठ हजार रुपये पार कर ले गए। महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की है।
गांव भगौतीपुर निवासी कशिश गौतम मंगलवार शाम अपनी बहन असुम के साथ बाजार आई थी। बृहस्पतिवार को कशिश के भाई की फर्रुखाबाद में शादी है। इसकी तैयारी के लिए दोनों खरीदारी कर रही थीं। मछली मंडी से घर लौटते समय वे ई-रिक्शा में बैठीं। तभी चार महिलाएं भी पास आकर बैठ गईं। कशिश को शक होने पर उन्होंने तीन बार ई-रिक्शा बदला लेकिन चारों महिलाएं हर बार पीछा करते हुए उसी ई-रिक्शा में सवार हो जाती रहीं। कंपिल रोड स्थित एक स्कूल के पास दो महिलाएं उतर गईं। कुछ दूर जाने पर कशिश ने देखा कि गले से सोने की चेन गायब है और झोला कटा हुआ है। उसमें रखा आठ हजार रुपये वाला पर्स भी नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले।
फुटेज में दो महिलाएं रिक्शा से उतरकर जातीं दिख रहीं हैं। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।