पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही पर दो सचिव निलंबित
फर्रुखाबाद। पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में दो ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है। निरीक्षण के दौरान अमानक निर्माण मिलने पर सीडीओ ने कार्रवाई के आदेश दिए थे।
शमसाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गदनपुर चैन व दनियापुर में निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एम. अरून्मोली को पंचायत भवन का निर्माण शुरू न होने व सामुदायिक शौचालय अपूर्ण मिले थे। जिला विकास अधिकारी दुर्गादत्त शुक्ला ने ग्राम विकास अधिकारी जुबैर अहमद को निलंबित किया गाय है।
निलंबन अवधि में वीडीओ इन्हीं ग्राम पंचायतों से संबद्ध रहकर अधूरे कार्य पूरे कराएंगे। डीआरडीए के परियोजना निदेशक को जांच अधिकारी नामित कर 15 दिन में आरोपपत्र दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
वहीं ग्राम पंचायत कुइयाखेड़ा सामुदायिक शौचालय का निर्माण अपूर्ण मिलने, कुइयांधीर में पंचायत भवन का निर्माण गड्ढे में कराए जाने और पिलर खड़े करने के बाद काम बंद मिलने के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानचंद्र को डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने सीडीओ के आदेश पर निलंबित कर दिया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी को जांच सौंपते हुए 15 दिन में आरोपपत्र प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।