नगला दमू में शौचालय निर्माण में 6.90 लाख का गबन
फर्रुखाबाद। शमसाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला दमू में शौचालय निर्माण में छह लाख 90 हजार रुपये के की पुष्टि हुई है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्कालीन प्रधान व तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव को रिकवरी के आदेश दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत नगला दमू में शौचालयों के निर्माण में धांधली की गई। गांव के प्रेमपाल आदि की शिकायत पर सीडीओ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी व अवर अभियंता आरईडी से जांच कराई। इसमें पता चला कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में 170 शौचालयों के निर्माण की धनराशि भेजी गई। इसमें 109 बने, जबकि सात अपूर्ण मिले।
वहीं 54 का बिना निर्माण कराए ही सरकारी धन निकाल लिया गया। करीब 6.90 लाख रुपये के गबन की पुष्टि हुई। डीएम के आदेश पर सीडीओ ने तत्कालीन ग्राम प्रधान संजीव कुमार व सचिव वेदप्रकाश को नोटिस जारी कर गबन की गई धनराशि जमा कराने के आदेश दिए हैं। ऐसा न करने पर रिपोर्ट दर्ज कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने तत्कालीन प्रधान संजीव कुमार व सचिव वेदप्रकाश को बराबर का दोषी मानते हुए आधी-आधी धनराशि 3.45-3.45 लाख रुपये जमा कर रसीद प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। अन्यथा यह धनराशि सचिव के वेतन से वसूली जाएगी, जबकि तत्कालीन प्रधान से भूराजस्व की तरह वसूली करने के आदेश दिए गए हैं।