दो पुलिस वाले और मिले संक्रमित
फर्रुखाबाद। जनपद में शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में जिला जेल के दो बंदी, पुलिस लाइन के तीन फालोअर, दो पुलिस वालों समेत 18 और लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इसमें मोहम्मदाबाद में एक परिवार पांच लोग शामिल हैं। इससे जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 472 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। जिला जेल में चार दिन पूर्व एक बंदी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। शुक्रवार को दो और बंदी संक्रमित पाए गए। उन्हें जेल में ही आइसोलेट किया गया है। शहर के मोहल्ला पल्ला निवासी कारपेंटर (37) व उसकी मां(65) संक्रमित निकली। इसके अलावा पुलिस लाइन के तीन फालोअर कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
इनमें एक महिला (50) फालोअर शामिल है। सर्विलांस सेल के सिपाही (29) व दीवान (44) के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कमालगंज के 80 वर्षीय बिल्डिंग मैटीरियल व्यापारी, शमसाबाद के मोहल्ला रावत टोला निवासी परचून विक्रेता (58) के अलावा मोहम्मदाबाद कस्बे के मोहल्ला अवंतीबाई नगर निवासी गल्ला आढ़ती(50) व उनके 15 वर्षीय बेटे की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा मोहल्ला इंदिरानगर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध, उनकी पत्नी, 30 वर्षीय पुत्र, 18 व 32 वर्षीय दो बेटियां भी संक्रमित मिली हैं। इससे पहले पुत्रवधू व एक बेटी कोरोना की चपेट में आ चुकी हैं। जनपद में कोरोना संक्रमित कुल 472 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 332 मरीज ठीक हो चुके हैं। 12 मरीजों की मौत हो चुकी, जबकि 128 केस एक्टिव हैं।