नबावगंज। जमीन के बंटवारे के लिए दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष से चार लोग घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कराया गया। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम ममरेजपुर निवासी बलराम सिंह और सुग्रीव सिंह का भाई रामतीरथ और इंद्रेश से मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार शाम करीब छह बजे दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष से बलराम सिंह, सुग्रीव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरी तरफ से रामतीरथ और इंद्रेश कुमार घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस सीएचसी नवाबगंज लाई, जहां चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। थानाध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने बताया मारपीट की जानकारी दोनों पक्षों से पुलिस को मिली है। दोनों पक्षों का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।