कानपुर। मंडल के जिलों में लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं कम खरीद करने पर मंडलायुक्त ने शनिवार को चार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कन्नौज और फर्रुखाबाद जिले में पीसीएफ केंद्रों पर गेंहू की कम खरीद मिलने पर सहायक आयुक्त निबंधन को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, फर्रुखाबाद, कन्नौज जिले के तीन अलग-अलग केंद्रों पर खरीद कम होने पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी और विपणन निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। अगर खरीद का लक्ष्य सही नहीं हुआ तो सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मंडल के कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज जिले के 357 केंद्रों पर गेंहू खरीद हो रही है। इस वित्तीय वर्ष मंडल के जिलों में 1,49,000 मीट्रिक टन गेंहू खरीदने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अभी तक 37,354 मीट्रिक टन गेंहू खरीद हो सकी। फर्रुखाबाद में पीसीएफ के 33 क्रय केंद्रों पर 676 मीट्रिक टन गेंहू खरीद हुई है। इसी तरह कन्नौज जिले के 27 केंद्रों पर 242.54 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की गई है। ये लक्ष्य के सापेक्ष काफी कम है।
मंडलायुक्त ने कन्नौज के सहायक आयुक्त निबंधन आर एल वर्मा और सहायक आयुक्त निबंधन फर्रुखाबाद अजय पालीवाल को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। इसके अलावा फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज मंडी स्थल केंद्र पर 26 दिनों में 22 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद हुई। लापरवाही पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी सरिता शुक्ला को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है।
इसी तरह कन्नौज जिले के अलग-अलग केंद्रों के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मनोज कुमार, सर्वेश कुमार और विपणन निरीक्षक कृष्ण गोपाल गौतम को भी प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। सभी के केंद्रों पर लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीद काफी खराब थी। सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि खरीद में सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।