तमंचों के साथ पकड़े गए आरोपी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कंपिल एसओ व एसओजी ने संयुक्त अभियान में कटरी में चल रही तमंचा फैक्ट्री पकड़ ली। पुलिस ने मौके पर नपद कासगंज के दो बदमाशों को पकड़ा। उनके पास से 16 तमंचे व शस्त्र बनाने के उपकरण सहित एक बाइक बरामद हुई है। पंचायत चुनाव नजदीक आते ही ये बदमाश तमंचे तैयार कर आसपास के जनपदों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस लाइन सभागार में एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सिरसा के जंगलों में अवैध असलहे बनाए जाने की सूचना पर एसओ जेपी यादव व एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा ने फोर्स के साथ बुधवार रात दबिश मारी।
पुलिस ने मौके पर जनपद कासगंज की कोतवाली पटियाली के गांव नगरिया के मजरा टिमरुआ निवासी रामवीर चौहान, विजय सिंह को तमंचा बनाते हुआ पकड़ लिया। दोनों के पास से 16 तमंचे व नाल, बट तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए।
पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वे लोग तमंचों को जनपद कन्नौज, फर्रुखाबाद, एटा, मैनपुरी में मोटरसाइकिल से सप्लाई करने का काम करते हैं।
पकड़े गए दोनों युवकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आसपास के जनपदों से पकड़े गए दोनों बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस लाइन में सीओ कायमगंज राजवीर सिंह गौर भी मौजूद रहे।