कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अताईपुर जदीद में दो घरों में सोमवार रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। परिजनों को डंडों से पीटकर जेवर, नगदी लूट ले गए। एक घर के परिजनों को कमरे में बंद दिया। बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाने पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। दोनों घरों से छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार सुबह घटनास्थल का जायजा लिया।
गांव अताईपुर जदीद के मोहल्ला खटकन निवासी किसान साजिद (38) परिजनों के साथ आंगन में सो रहे थे। सोमवार की रात छह-सात बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए और साजिद को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। अन्य बदमाशों ने साजिद की पत्नी उजमा, बहन आस्पिया व असूदा से कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़ा। इस पर मोहल्ले के लोग जाग गए और ललकारा तो बदमाश भाग गए।
वहां से पांच सौ मीटर दूरी पर अताईपुर जदीद के मोहल्ला पाल में पशुपालक रक्षपाल की छत पर चढ़ गए। रक्षपाल व उनकी पत्नी गोदावती को डंडों से पीट दिया। कुछ बदमाश नीचे उतरकर बरामदे में सो रही रक्षपाल की पुत्रवधू हेमलता पत्नी विदेश, बेटी सोनी व मामा के बेटे इंद्रपाल पुत्र वीरपाल निवासी अतरी थाना मिर्जापुर शाहजहांपुर को पीटकर घायल कर दिया। कमरों में रखी अलमारी व बक्सों आदि से एक जोड़ी झाले, तीन जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी टाप्स, एक सोने की चेन, चार अंगूठी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायलें, तीन जोड़ी तोड़िया, दो हाय व तीस हजार रुपये लूट कर परिजनों एक कमरे में बंद कर भाग गए।
छत पर मौजूद रक्षपाल के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोगों ने कमरे में बंद लोगों को निकाला। घायल रक्षपाल, गोदावती, सोनी व इंद्रपाल को सीएचसी भेजकर पुलिस को सूचना दी। इंद्रपाल(17), गोदावती व सोनी(17) को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुबह पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि सभी बदमाश कच्छा बनियान पहने थे, और मुंह ढके थे। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। डाग स्क्वॉड की भी पुलिस ने मदद ली, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि साजिद खां के घर में बदमाशों ने साजिद का नाम लिया और जिस कमरे में सामान रखा था, उसी का ताला तोड़ा। इससे बदमाश के स्थानीय होने की पूरी आशंका है। मुकदमा दर्ज कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
मक्के के खेत तक पहुंचा खोजी कुत्ता
कायमगंज। खोजी कुत्ता आस्कर घटनास्थल का सामान व घर में घूमने के बाद पास स्थित मक्के के खेत में पहुंचा। वहां पर पुलिस को एक बोरे में शराब व बीयर की बोतल मिलीं। इधर-उधर घूमने के बाद आस्कर वापस आ गया। साजिद खां के घर पर भी खोजी कुत्ते को ले जाया गया। वहां भी खास सफलता नहीं मिल सकी।