जहानगंज। शौच करने गए फुफेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तलाश करने पहुंचे परिजनों को दोनों बालकों के शव पानी में उतराते मिले। अंदाजा लगाया जा रहा है कि एक को बचाने के चक्कर में दोनों की डूबने से मौत गई होगी।
थाना क्षेत्र के गांव बहोरिकपुर निवासी शिवकुमार खेती करते हैं। उनका सात वर्ष का पुत्र आशीष प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता था। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदसा निवासी नीलम का आठ वर्ष का पुत्र इशू प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता था। नीलम बच्चों को लेकर भाई शिवकुमार के घर आई थी।
गुरुवार को आशीष फुफेरे भाई इशू के साथ लगभग चार बचे शौच करने के लिए घर से निकला। रात आठ बजे तक दोनों बालक घर नहीं पहुंचे। जानकारी होने पर परिजनों ने दोनों बालकों की खोजबीन की। रात में लगभग एक बजे परिजनों को दोनों बालकों के शव तालाब में उतराते मिले।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। इशू के पिता पातीराम का देहांत हो चुका है। मां नीलम, भाई रिशु, बहन रजनी, शालनी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। आशीष के पिता शिवकुमार, मां सुधा, बहन लक्ष्मी, भाई कन्हैया, आदित्य का भी हाल बेहाल था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बालकों की पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि बालक तालाब किनारे शौच करने गए थे। पैर फिसलने से एक बालक डूब रहा होगा। उसकाे बचाने में दूसरे की भी जान चली गई।