कायमगंज (फर्रुखाबाद)। देर रात फर्रुखाबाद रोड स्थित गांव खुड़नाखार के पास तेज रफ्तार दो बाइकें सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गईं। इससे बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर घायल हो गए। पुलिस घायलों को कायमगंज सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक ने लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बृहस्पतिवार की रात फर्रुखाबाद-कायमगंज रोड पर गांव खुड़नाखार के पास ट्रैक्टर ट्राॅली का टायर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ी थी। ट्राॅली पर रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। रात करीब साढ़े 11 बजे कायमगंज क्षेत्र के गांव पपड़ी निवासी अंकित यादव (24) दोस्त अमित शाक्य (22) को फर्रुखाबाद से लेकर बाइक से गांव जा रहा था। कोहरे के कारण सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली को देख नहीं सके और बाइक समेत जा घुसे। इसी दौरान पीछे से आ रही शमसाबाद क्षेत्र के गांव अरियारा निवासी हितेष राजपूत (19) की भी बाइक ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गई। इसमें तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। कायमगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर व फैजबाग चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को सीएचसी कायमगंज भेजा। वहां डाॅक्टर ने अंकित यादव और अमित शाक्य को मृत घोषित कर दिया। सिर में चोट होने से गंभीर घायल हितेष राजपूत को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर आए, तब तक उसने भी दम तोड़ दिया।
अंकित के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अमित शाक्य दिल्ली में रेडीमेड सिलाई करता है। अमित दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए करीब साढ़े आठ बजे दोनों लोग घर से रवाना हुए थे। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों रात में वापस लौट रहे थे, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। ट्रैक्टर-ट्राॅली में गोबर का घूरा भरा था।