मेरापुर। आमने-सामने हुई दो बाइकों की भिड़ंत में छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के भाई ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव देवसनी निवासी अखिलेश राजपूत (16) पुत्र स्वर्गीय अतर सिंह यूआर इंटर कालेज देवसनी में हाईस्कूल का छात्र था। अखिलेश सोमवार को रसोई गैस सिलेंडर लेने बाइक से अपने दोस्त अमन के साथ सरायअगहत जा रहा था। अखिलेश सिलेंडर पकड़े पीछे बैठा था। रेणुका देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेरापुर के पास सामने से आ रही बाइक से अमन की बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
अखिलेश सड़क पर जा गिरा और उसके सिर पर सिलेंडर गिर पड़ा। इससे अखिलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अमन दुर्घटना में बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के अलावा मृतक की मां और भाई रामपाल घटनास्थल पर पहुंचे। शव देख परिजनों का कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपाल ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी।