राजेपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से रैन बसेरा का निर्माण कराया जा रहा है। ढाई साल से यह निर्माण चल रहा है। इसके बाद भी अभी तक रैन बसेरा नहीं बन पाया। इससे तीमारदार सर्दी में ठिठुरने को मजबूर हैं। अभी तक रैन बसेरा में खिड़कियां और दरवाजे तक नहीं लग पाए हैं।
वर्ष 2012-2013 में लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 20 लाख रुपये की लागत से रैन बसेरा का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। अभी तक रैन बसेरा में सिर्फ छह कमरे ही बने हैं। न तो फर्श बनी है और न ही दरवाजे व खिड़कियां लगी हैं।
सूत्रों की मानें तो करीब एक साल से रैन बसेरा का निर्माण कार्य बंद चल रहा था। करीब तीन-चार दिन पहले ही दूसरे ठेकेदार को ठेका देकर रैन बसेरा का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। रैन बसेरा में अभी तक रंगाई-पुताई भी नहीं हुई है। कछुआ गति से हो रहे रैन बसेरा के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि रैन बसेरा अगर बन जाए तो सर्दी में तीमारदारों को आराम हो जाए। बुधवार को अस्पताल में मरीजों को देखने आए रामकुमार, मुकेश कुमार और रामसिंह आदि ग्रामीणों ने कहा कि उन लोगों के मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। रात में अस्पताल में ही रुकना है। रैन बसेरा अगर बना होता तो सर्दी से राहत मिलती। अब सर्दी में ठिठुरना पड़ेगा।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अनुराग कुमार ने बताया कि एक साल से काम बंद चल रहा था। दूसरे ठेकेदार को रैन बसेरा निर्माण का ठेका दिया गया है। दो-तीन से रैन बसेरा का निर्माण कार्य चल रहा है।