संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। देवोत्थान एकादशी के पावन पर्व पर बुधवार भोर में फतेहगढ़ नगर के मुख्य मार्ग से शालिगराम की बरात निकाली गई। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शालिगराम की आरती की गई। बरगदियाघाट गंगा तट पर शालिगराम और तुलसी का विवाह कराया गया। पूजा अर्चना करने के बाद महिलाओं ने भजन कीर्तन किए।
तुलसी विवाहोत्सव व मेला कमेटी की ओर से बुधवार को बरगदियाघाट स्थित गंगातट पर तुलसी और शालिगराम का विवाह कराया गया। कमेटी की ओर से भोर में तीन बजे सब्जी मंडी से शालिगराम की बरात निकाली गई। शालिगराम के रूप में काजल गुप्ता और तुलसी के रूप में साक्षी गुप्ता रथ पर विराजमान रहीं।
सब्जीमंडी से बरात शुरू होकर कोतवाली रोड होते हुए फतेहगढ़ चौराहा पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह शालिगराम की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। बरगदियाघाट गंगा तट पर पहुंचने पर आयोजक डॉ. अनुपम दुबे, मीनाक्षी दुबे, कमेटी के प्रबंधक अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, कुमकुम दुबे, अमित दुबे ने परिवार समेत शालिगराम और तुलसी का विवाह धूमधाम से कराया। राहुल मिश्रा, सोनू, राजू शुक्ला, सुनील गुप्ता, अमित प्रकाश, पंकज प्रकाश, हृदेश दीक्षित समेत अन्य लोग मौजूद रहे।