ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत
राजेपुर। बरेली-इटावा हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर साथी को सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना स्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक भाग गया।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव छिछौनापुर पट्टी निवासी सर्वेश राजपूत (36) गांव ऊगरपुर निवासी दोस्त अनुज पांडेय के साथ बाइक से बुधवार को राजेेपुर क्षेत्र के एक गांव में गया था। दोपहर में दोनों बाइक से बरेली-इटावा हाईवे पर डबरी व जैनापुर गांव के बीचे में पहुंचे। तभी फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे ट्रक ने सर्वेश की बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
सर्वेश ने हेलमेट भी नहीं लगाए था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर एसओ देवेंद्र गंगवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल भेजा। वहां हालत गंभीर होने पर अनुज को डॉक्टर ने सैफई के लिए रेफर कर दिया। सर्वेश की मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी सुनीता, पुत्र सचिन, पुत्री रुचि व भाई सरवन लोहिया अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।