फोटो-41, घटनास्थल पर जाम लगाए लोग। स्रोत जागरुक पाठक
- फोटो : संवाद
संकिसा। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती करीब 50 मीटर घिसटते हुए चले गए। दुर्घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्यमार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव जरहरी निवासी अंशुल उर्फ सूरज मिश्रा मंगलवार को घर से पत्नी पूजा मिश्रा (30) के साथ बाइक से अचरा बाजार जा रहे थे। तकीपुर गांव के पास अचरा-अलीगंज मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पूजा मिश्रा ट्रक के पहिये के नीचे आकर करीब 50 मीटर घिसटते हुए चली गई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं सूरज मिश्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पीट दिया। जानकारी मिलने पर अचरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। जानकारी लगने पर मेरापुर थाना प्रभारी अजब सिंह भी पहुंच गए। गुस्साए परिजनों के साथ ही ग्रामीणों ने पथराव कर ट्रक के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं मुख्यमार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर कायमगंज सीओ राजेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। मृतक के एक पांच वर्षीय पुत्र लव है। सीओ राजेश द्विवेदी ने बताया कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रक पर ईंटें लदी थीं। दंपती हेलमेट नहीं लगाए थे।