त्रकार वार्ता में जानकारी देते एसपी व एएसपी।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर पुलिस ने एक ट्रक से छह बोरों में भरा दो क्विंटल 45 किलो पांच सौ ग्राम गांजा बरामद किया। ट्रक के चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गांजे की कीमत एक करोड़ रुपये बता रही है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर मेरठ जा रहे थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्रा ने पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि मंगलवार रात शहर कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय को सूचना मिली कि जनपद बरेली के नंबर के ट्रक पर गांजा जा रहा है। इस पर पांचाल घाट के बिजली उपकेंद्र के पास चेकिंग शुरू कर दी। बरेली के नंबर का ट्रक आया तो उसे पकड़ लिया। ट्रक में लदे माल जांच की तो छह बोरों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला गया।
ट्रक चालक गौहर बेग निवासी जिला बदायूं थाना नवी सराय निकट टेलीफोन एक्सचेंज हाल निवासी जिला बरेली थाना इज्जतनगर व हेल्पर साजिद निवासी जिला बरेली थाना विथरी के गांव पदारथपुर को पकड़ लिया। पूछताछ में ट्रक चालक व हेल्पर ने बताया कि गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे। इसे मेरठ के सलीम के पास पहुंचाना था।
पुलिस ने गांजा भरे बोरों का वजन कराया तो 2 क्विंटल 45 किलो 500 ग्राम निकला। पुलिस के अनुसार स्थानीय बाजार में गांजा 10 हजार रुपये किलो बिकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है। एसपी ने बताया कि इससे पहले भी ट्रक चालक व हेल्पर दो बार मादक पदार्थ की तस्करी में जेल जा चुके हैं।
अन्य जनपदों में भी इनका आपराधिक रिकार्ड खंगलवाया जा रहा है। गैंग में और कितने लोग सक्रिय हैं इस बारे में पुलिस की टीमें पूछताछ कर रही हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह व आरआई किश्वर अली मौजूद रहे।