ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर में मारी टक्कर, युवक की मौत
कायमगंज। गांव पपड़ी के पास केला लादकर जा रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार युवक की कुचलकर मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग की। एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझाया तब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। युवक सांसद के गांव का रहनेे वाला था।
भाजपा सांसद मुकेश राजपूत का पैतृक गांव जनपद एटा के थाना नयागांव क्षेत्र का सिमरा नगला है। बुधवार भोर इसी गांव के किसान सुमित व जनक सिंह के साथ अन्य किसान ट्रैक्टर में मूंगफली लादकर शाहजहांपुर के जलालाबाद ले जा रहे थे। कायमगंज क्षेत्र के गांव पपड़ी के पास सुबह करीब चार बजे ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा कर गांव के ही किसान रामशंकर व शीलेंद्र शौच करने चले गए।
चालक सुमित, ताराचंद्र व जनक सिंह ट्रैक्टर पर ही बैठे रहे। तभी पीछे से आए ट्रक चालक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे चालक कूदकर दूर जा गिरा। ट्रैक्टर खड्ड में घुस गया। सुमित (18) बुरी तरह कुचलकर ट्रक में फंस गया। सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। जनक सिंह (38) को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक व परिचालक भाग गए।
सुबह करीब 6 बजे पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर सुमित के शव को बाहर निकाला गया। गुस्साए परिजनों ने शव बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। शव के आसपास महिलाएं बैठ गईं। कुछ लोगों ने पेड़ों की डालें तोड़कर सड़क पर रख दीं। इससे दोनों तरफ के वाहनों की लाइन लग गईं। परिजन सांसद व डीएम को बुलाने की मांग करने लगे।
सांसद मुकेश राजपूत ने अपने भतीजे राहुल राजपूत को मौके पर भेजा। राहुल ने परिजनों से बात की। एसडीएम सुनील कुमार यादव, व सीओ राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे।
मुआवजे को लेकर एसडीएम ने कहा कि हादसे के संबंध में जो प्रक्रिया है उसे जल्द कराकर अलीगंज तहसील में भेज दिया जाएगा। इस पर ग्रामीण मान गए और करीब तीन घंटे बाद जाम खोल दिया। सुमित के एक भाई और एक बहन है। बड़े भाई अमित व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ट्रक में लदा था केला
कायमगंज। ट्रक से टक्कर के बाद सुमित उसी में फंस गया। ट्रक का अगला सिरा सुमित की छाती पर रखा था। इसलिए वह बाहर नहीं निकल पा रहा था। ट्रक में लदा केला भी वहां फैल गया। इसके अलावा ट्रैक्टर में लदी मूंगफली भी घटनास्थल पर फैली पड़ी थी। (संवाद)