फर्रुखाबाद। छात्रों के झगड़े में ट्रांसपोर्टर ने चौराहे पर लाइसेंसी पिस्टल लहराकर दबंगई का प्रदर्शन किया। युवकों ने लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर दाखिल कर दी। तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी कौशलेंद्र परमार ट्रांसपोर्टर है। उनका पुत्र केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ का छात्र है। एक माह पहले उनके पुत्र का स्कूल के दूसरे छात्र से विवाद हो गया था। छात्र ने बाहर के युवकों को बुलाकर ट्रांसपोर्टर के पुत्र के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में शिकायत करने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को रफा दफा कर दिया। लेकिन छात्रों में आपसी विवाद चलता रहा। कुछ दिन पहले ट्रांसपोर्टर के पुत्र से बाहरी लोगों ने गाली-गलौज किया था।
मंगलवार को ट्रांसपोर्टर कौशलेंद्र अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर स्कूल के बाहर खड़े हो गए। पुत्र व भतीजा स्कूल से छुट्टी होने पर बाहर निकला। पुत्र ने बाहरी युवकों को पिता कौशलेंद्र को दिखाया। कौशलेंद्र गांव मसेनी व मोहल्ला शीशमबाग निवासी युवकों के पास पहुंचे। वह लाइसेंसी पिस्टल निकालकर धमका रहे थे। इसी दौरान युवकों ने लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले आई। कोतवाली में भी ट्रांसपोर्टर ने आपा खो दिया। पुलिस ने पिस्टल छीनकर दाखिल कर दी। तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
पिस्टल छुड़वाने के लिए पैरवी में जुटे लोग
ट्रांसपोर्टर की पिस्टल पुलिस से छुड़वाने के लिए ठेकेदार, छुटभइया नेता पैरवी में जुट गए। पुलिस की ओर से सुविधा शुल्क की मांग की गई। शाम तक लोग सुविधा शुल्क को लेकर पुलिस कर्मियों से गठजोड़ में लगे रहे।