फर्रुखाबाद। आयुष्मान कार्ड बनाने में जनपद में प्रदेश में फिसड्डी रहा। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। सीएमओ ने सभी नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं किसी से छिपी नहीं है। जिम्मेदारों की लापरवाही सिर चढ़कर बोलती दिख रही है। इसका नतीजा यह है कि न तो लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल पा रही हैं और न ही सरकारी योजनाओं का लाभ। मंगलवार को शासन से आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा की गई। इसमें जनपद प्रदेश में 75वें पायदान पर पहुंच गया।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने सीएमओ पर कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी इससे पहले भी कई बार आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रगति बढ़ाने के लिए चेतावनी दे चुके हैं। खराब प्रगति के चलते सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने सभी नोडल अधिकारियों की क्लास लगाई। कहा कि पहले ही लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया था। इसके बावजूद नोडल अधिकारियों ने काम में रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ.दलवीर सिंह, डॉ.उमेश चंद्र, डॉ.रंजन गौतम, डॉ.सर्वेश कुमार यादव, डॉ.मलिक आलमगीर, डॉ.दीपक कटारिया, डॉ.आरसी माथुर को चेतावनी पत्र जारी किया है।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयुष्मान कार्ड की प्रतिदिन शासन से समीक्षा की जा रही है। जनपद में मात्र 24 आयुष्मान कार्ड बनने पर प्रदेश में सबसे निचले स्तर रहा है। इस संबंध में सीएमओ से नाराजगी जताकर सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।