फर्रुखाबाद। छूट योजना के तहत नए ट्यूबवेल कनेक्शन कराने वाले किसान ट्रांसफार्मर पाने के लिए भटक रहे हैं। स्टोर में ट्रांसफार्मर न होने के कारण किसानों को खेतों मेें पानी लगाने के लिए दूसरोें के ट्यूबवेलों से महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है।
नए ट्यूबवेल कनेक्शन के स्टीमेट पर 68 हजार रुपये की छूट दिए जाने की योजना के तहत किसानों को लगभग तीन सौ कनेक्शन दिए गए। कनेक्शन दिए जाने के बाद स्टोर में सामग्री देने के लिए स्टीमेट भेजा गया। कंपनी से 25 केवीए का ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति कम होने के कारण किसानों को ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहे हैं। इस कारण किसानों को स्टोर विभाग के लगातार चक्कर लगाना पड़ रहा है।
वर्तमान में आलू की फसल की बुवाई चल रही है। खेतों में पानी लगाया जाना है। कनेक्शन होने के बाद ट्रांसफार्मर न मिलने से किसानों के ट्यूबवेल बंद हैं। खेत में पानी लगाने के लिए दूसरे ट्यूबवेलों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्टोर भंडारी प्रेम सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की मांग अधिक और आपूर्ति कम है। इस कारण दिक्कत हो रही है। पोल में कम हैं। पोल और ट्रांसफार्मरों की डिमांड भेज दी गई है। उच्च अधिकारियों से वार्ता कर इस बार अधिक ट्रांसफार्मर आपूर्ति किए जाने की मांग की है, ताकि किसानों को नियमानुसार वितरण किए जा सके।
बकाएदारी में 12 उपभोक्ताओं के काटे गए कनेक्शन
फर्रुखाबाद। बिजली चोरी रोको अभियान के तहत मिलेट्री फीडर के एक दर्जन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इन्हें बकाएदारी जमा करने की दो दिन की मोहलत दी गई है।
शासन के आदेश पर बिजली चोरी रोकने के लिए चल रहे अभियान के तहत बुधवार को एसडीओ राहुल बाबू कटियार, एसडीओ शैलेन्द्र कटियार, जेई आरएन पाल व अन्य अवर अभियंताओं ने बुधवार को मिलेट्री फीडर के उपभोक्ताओं के घरों में छापेमारी की।
नगलादीना भोलेपुर में छापेमारी के दौरान एक दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं के बकाएदारी में कनेक्शन काट दिए गए। कुछ लोग चोरी से बिजली जलाते पकड़े गए। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। एसडीओ राहुल बाबू कटियार ने बताया कि बकाएदारों को बिल जमा करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। अगर यह बिल जमा नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।