शहर के घुमना पर लगा जाम। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। यातायात पुलिस की लापरवाही से बाजार में सोमवार को कई बार जाम लगा। चौक, घुमना, लाल सराय में घंटों वाहन फंसे रहे। इससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चार पहिया वाहनों, टेंपो व ई-रिक्शा को शहर में प्रवेश न करने देने का जिम्मा लाल सराय, आईटीआई चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहे पर लगे यातायात पुलिस के सिपाहियों का है।
इसके बाद भी चार पहिया वाहन प्रवेश करते रहते हैं। सोमवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। चौक पर तैनात सुरक्षा कर्मी दो बाइक सवारों को रोककर बातचीत करते रहे और टेंपो, ई-रिक्शा व कारों से मुख्य बाजार जाम हो गया।
करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसी तरह घुमना, लाल सराय में भी दिन में कई बार जाम से लोगों को जूझना पड़ा। यातायात पुलिस की इस लापरवाही से आम जनता को मुसीबत हो रही है।
टीएसआई देवेश कुमार ने बताया कि वह बाजार में घूमकर गलत ढंग से प्रवेश करने वाले वाहनों का चालान भी करते हैं। अब और सख्ती की जाएगी। यदि कोई सुरक्षा कर्मी वाहनों को बाजार में प्रवेश कराता है, तो उस पर कार्रवाई को लिखा जाएगा।
इन दिनों बढ़पुर माता मंदिर पर भक्तों की खासी भीड़ रहती है। दूरदराज के गांवों से भी ट्रैक्टर-ट्रालियों, कारों से नवविवाहिता को लाया जाता है। बच्चों के मुंडन संस्कार भी होते हैं। भीड़ की वजह से यहां हर रोज जाम लगता है।