फर्रुखाबाद। कालिंदी एक्सप्रेस का रूट बदले जाने की चर्चाओं के बीच भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने सांसद मुकेश राजपूत से मुलाकात की। उन्होंने ट्रेन को फर्रुखाबाद से ही संचालित किए जाने की मांग की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सांसद को बताया कि अनवरगंज और मंधना के बीच एलिवेटेड ट्रैक का कार्य शुरू होने वाला है। इसके चलते कई ट्रेनों के रूट बदले जा रहे हैं। इसी क्रम में फर्रुखाबाद से दिल्ली जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस का रूट कानपुर से वाया शिकोहाबाद-टूंडला होकर किए जाने की चर्चा है। व्यापारियों ने तर्क दिया कि कानपुर से दिल्ली के लिए पहले से कई ट्रेनें उपलब्ध हैं।
फर्रुखाबाद के लोगों के लिए कालिंदी एक्सप्रेस ही दिल्ली के लिए सीधी और प्रमुख ट्रेन है। यदि इसका रूट बदला गया तो यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इससे दिल्ली से जुड़े व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। व्यापारियों ने मांग की कि कालिंदी एक्सप्रेस को कन्नौज से भिवानी के मध्य संचालित किया जाए। इससे फर्रुखाबाद और कन्नौज क्षेत्र के यात्रियों एवं व्यापारियों को असुविधा नहीं होगी। इसके अतिरिक्त, व्यापारियों ने फर्रुखाबाद से दिल्ली के बीच एक नई ट्रेन चलाने की भी मांग की।
सांसद मुकेश राजपूत ने व्यापारियों की मांगों को गंभीरता से सुनकर आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को उचित स्तर पर उठाएंगे। इस दौरान युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, ऋषि बंसल, डॉ. कुलदीप सिंह, अर्पण अग्रवाल, नितिन गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सागर कश्यप, प्रतीक गुप्ता, राजकुमार सिंह, अमित वर्मा और मोहित बागड़ी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।