नवाबगंज। घटी जीएसटी दरों पर व्यापारी उत्सव मनाने की मंशा से भाजपा की विधानसभा स्तर की बैठक हुई। बैठक में अपेक्षा के अनुरूप व्यापारियों की उपस्थिति नहीं रही। इससे आयोजन फीका पड़ गया।
कल्याण मंडपम गेस्ट हाउस में रविवार को व्यापारी गोष्ठी का आयोजन किया गया था। इसमें अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, सांसद मुकेश राजपूत सहित जिले के कई भाजपा नेताओं को शामिल होना था। हालांकि सांसद मुकेश राजपूत भी बैठक में नहीं पहुंच सके।
रविवार होने के कारण नवाबगंज बाजार में व्यापारिक गतिविधियां चरम पर थीं। ऐसे में व्यापारियों को एकत्र करने के लिए भाजपा नेताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से व्यापार जगत को बड़ा लाभ मिलेगा।
व्यापारियों को सरकार का धन्यवाद देना चाहिए क्योंकि अब उन्हें कम दर पर सामान मिलेगा। बैठक को नरेंद्र राजपूत ने भी संबोधित किया। अनिल राजपूत, आदेश राठौर, महावीर सिंह राठौड़, व्यापारी नेता नीरज महाजन, कमल भारद्वाज समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।