प्राइमरी विद्यालय के तीन छात्र घर लौट रहे थे। गांव के पास ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो छात्र घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों आपस में चचेरे भाई हैं।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव कलक्टरगंज निवासी रवि (10) पुत्र नरेंद्र शर्मा, रितिक (12) पुत्र अनिल शर्मा, अभिषेक (12) पुत्र रामसेवक पड़ोसी गांव आसमपुर स्थित प्राइमरी पाठशाला में पढ़ते हैं। रवि कक्षा चार में पढ़ता था। रितिक व अभिषेक कक्षा पांच में पढ़ते हैं। शुक्रवार दोपहर तीनों छात्र स्कूल की छुट्टी होने पर पैदल घर लौट रहे थे। गांव के पास ही पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने तीनों छात्रों को टक्कर मार दी। दुर्घटना होते ही चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल छात्रों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर प्रमित राजपूत ने रवि को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौत की खबर पर मां का रा-रोकर बुरा हाल हो गया। रवि तीन भाई और पांच बहनें है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।