मोहम्मदाबाद। पुराने ट्यूबवेल पर बकायेदारी होने पर उपभोक्ता ने नए ट्यूबवेल में पांच पोल से तार खिंचवाकर फर्जी कनेक्शन ले लिया। अवर अभियंता ने गांव पहुंच कर मामले की जांच की तो फर्जीवाड़ा सामने आया। अवर अभियंता ने उपभोक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव गनपतपुर निवासी जागेश्वर प्रसाद के ट्यूबवेल पर करीब 54590 रुपये बिजली बिल का बकाया है। उपभोक्ता ने दूसरी जगह ट्यूबवेल की नई बोरिंग कराई। इसको चलाने के लिए बिजली विभाग से कनेक्शन लेने के बजाय ठेकेदार से साठगांठ कर बकायेदारी में बंद ट्यूबवेल से नए ट्यूबवेल तक पांच पोल लगाकर नई लाइन खींच ली। चोरी की बिजली से वह लगातार ट्यूबवेल चला रहा है।
इसकी जानकारी मिलने पर अवर अभियंता शशिभान कनौजिया ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल की। जांच में फर्जीवाड़ा कर बनाई गई पांच पोल की लाइन और पुराने के स्थान पर बिना कनेक्शन के नया ट्यूबवेल चलता मिला। अवर अभियंता ने इस मामले में उपभोक्ता जागेश्वर प्रसाद के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।