कायमगंज(फर्रुखाबाद)। तंबाकू व्यापारी की गोदाम गुरुवार को जीएसटी टीम ने ताले तोड़कर छापा मारा था। इससे तंबाकू व्यापारी नाराज हैं। जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ तीनों व्यापार मंडल के नेता एकजुट हो गए हैं। तीनों गुटों के नेताओं ने शुक्रवार शाम अग्रवाल सभा भवन में बैठक की।
मोहल्ला लोकमन गंगादरवाजा निवासी तंबाकू व्यापारी बृजेश गुप्ता की मऊरशीदाबाद स्थित तंबाकू गोदाम में जीएसटी की स्पेशल टीम ने छापा मारा था। व्यापारी के पहुंचने से पहले टीम ने गोदाम के ताले तोड़ दिए थे। अधिकारियों के इस रवैये के खिलाफ शुक्रवार शाम व्यापार मंडल कंछल गुट, बंसल गुट व मिश्रा गुट के व्यापारी नेता जमा हुए। रेलवे रोड स्थित अग्रवाल सभा भवन में बैठक की। इसमें कंछल गुट के प्रांतीय नेता अनुपम अग्रवाल, पवन गुप्ता जिला महामंत्री मनोज कौशल, नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, बंसल गुट के उमेश गुप्ता, सत्यनारायण वर्मा, मिश्रा गुट के आदेश अग्निहोत्री, नरेश पालीवाल, सतीश अग्रवाल आदि ने विचार रखे। सभी ने कहा कि जीएसटी के अधिकारियों ने कार्रवाई में ताले तोड़े तो व्यापारी इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। उनका घेराव किया जाएगा। जीएसटी के अधिकारी जांच के नाम पर तंबाकू व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। जीएसटी की टीम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। कहा गया कि उत्पीड़न हुआ तो सभी व्यापारी एकजुट हैं। एकता में शक्ति है।
तय किया गया कि जब भी टीम आए तो संबंधित व्यापारी सभी व्यापार मंडल के अध्यक्ष को फोन पर सूचना देंगे। व्यापारी नेताओं ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी जीएसटी टीम की शिकायत भेजी है। बैठक का संचालन अमित सेठ ने किया। अतुल गुप्ता, नीरज अग्रवाल, शालीन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अमित कौशल, राजीव गुप्ता, जेहान खां, सलमान खां, द्रोण सिंह गंगवार, नीरज राठौर, वसीम अंसारी आदि मौजूद रहे।