पासिंग आउट परेड के दौरान मार्च पास्ट करते जवान।
- फोटो : अमर उजाला
सिखलाई रेजीमेंट सेंटर में 9 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 165 रिक्रूटों ने देश की रक्षा की शपथ ली। दिल में राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की तमन्ना लिए जवानों का हौसला देखते ही बना।
शनिवार को सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के चटर्जी परेड मैदान पर पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। परेड में शामिल 165 जवानों ने सधे कदमों से जैसे ही परेड मैदान पर प्रवेश किया, मौजूद लोगाें ने उनका ताली बजाकर स्वागत किया। जवानों के अनुशासन और लय को देखकर लोग मंत्र मुग्ध हो गए। डिप्टी कमांडेट कर्नल विजय काला ने पासिंग आउट परेड की समीक्षा की।
परेड में शामिल रिक्रूटों को ट्रेनिंग बटालियन के कार्यवाहक सूबेदार मेजर सतनाम सिंह और आरटी जेसीओ सुरजीत सिह ने धर्मग्रंथ और राष्ट्रध्वज पर हाथ रखवा तथा एडज्यूटेंट शिशिर दुबे ने राष्ट्र पर मर मिटने की कसम दिलाई। सलामी मंच के सामने से मार्च पास्ट कर सभी का मन मोह लिया। परेड को संबोधित करते हुए कर्नल विजय काला ने कहा कि भारतीय सेना को शिक्षित व प्रशिक्षित जवानों की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सिखलाई रेजीमेंट सेना की सर्वोच्च लड़ाकू रेजीमेंटों में अपना स्थान रखती है। इस मौके पर प्रशिक्षक सुरजीत सिंह, कंवलजीत सिंंह, केवल सिंह, देवंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह, जुगराज सिंह, सीआरओ एसआर अटल आदि मौजूद रहे।