अमृतपुर। क्षेत्र में अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा हैं। बिना चालान बालू भरकर ले जा रहे तीन ट्रक एसडीएम ने पकड़ लिए। वाहन चालक अभिलेख नहीं दिखा सके। दो ट्रक चालकों ने जुर्माना भर भर दिया। एक चालक के जुर्माना न भरने पर ट्रक सीज कर दिया गया। खनन अधिकारी ने तीनों पर एक लाख से अधिक का जुर्माना लगाया।
तहसील क्षेत्र के गांव आसामपुर में बालू खनन के पट्टे से ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर व ट्रक बिना चालान के बालू भरकर निकल रहे हैं। इसकी शिकायत होने पर एसडीएम संजय कुमार सिंह ने खनन अधिकारी के साथ चेकिंग अभियान चलाया। बालू से भरे ट्रकों को रोका गया। वाहनों के चालकों से अभिलेख मांगे गए, लेकिन चालक का चालान नहीं दिखा सके। इस पर एसडीएम के आदेश पर खनन अधिकारी ने तीनों ट्रकों पर 1,04744 रुपये का जुर्माना लगाया।
इसमें दो ट्रक चालकों ने मौके पर 70,460 रुपये का जुर्माना अदा कर दिया। एक चालक द्वारा जुर्माना न देने पर ट्रक को थाने में खड़ा कर सीज करा दिया गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि बिना चालान व ओवरलोड वाहन बालू लेकर नहीं जाएंगे। ओवरलोड व बिना चालान के वाहन मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों कहना है कि पट्टे के नाम पर बालू का खनन अवैध रूप से धड़ल्ले से चल रहा है।