फर्रुखाबाद। कार्यालय से चोरी चेक से भुगतान के मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आईडीबीआई बैंक के शाखा प्रबंधक और कर्मचारी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट लिखने का आदेश मोहम्मदाबाद कोतवाल को दिया है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी सुनील सिंह राठौर ने फतेहगढ़ के मोहल्ला आंबेडकर कालोनी भोलेपुर निवासी ऋषि कुमार, आईडीबीआई बैंक शाखा फर्रुखाबाद के प्रबंधक एम खन्ना और एक कर्मचारी के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया था। इसमें बताया था कि वह मेसर्स सुनील सिंह राठौर फर्म का प्रोप्राइटर है। उसके साथ ऋषि कुमार व्यवसाय करते थे। ऋषि कुमार का कार्यालय और उसकी फैक्टरी में आना जाना रहता था। 27 मार्च 2021 को वह लखनऊ गया था।
बताया कि वह जब भी बाहर जाता था तो एक चेक पर हस्ताक्षर कर कार्यालय में रख देता था, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सहायक चेक से रुपये निकाल सके। इसकी जानकारी आरोपी ऋषि को थी। इसलिए वह जब लखनऊ गया आरोपी ने कार्यालय से चेक चुराकर 15 लाख रुपये भरकर आईडीबीआई के शाखा प्रबंधक व कर्मचारी से मिलकर अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। जानकारी होने पर उसने आरोपियों से शिकायत की तो उससे गाली गलौज की। पीड़ित के वकील दीपक द्विवेदी की दलीलें सुनने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मोहम्मदाबाद कोतवाल को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखने का आदेश दिया है।