शहर कोतवाली के मोहल्ला महावीर गंज निवासी सत्येंद्र कुमार मिश्र की पत्नी विट्टोदेवी के नाम से 10 किलोवाट का कनेक्शन था। इनका मीटर खराब होने के कारण इसी साल 16 अप्रैल को बदल कर दूसरा लगाया गया था। मंगलवार की रात अवर अभियंता को सूचना मिली की एक गाड़ी से कुछ लोग आए और विट्टोदेवी के मीटर से छेड़छाड़ कर रहे है।
इसकी जानकारी मिलने पर बुधवार को एसडीओ शैलेंद्र सिंह कटियार, अवर अभियंता अमित शर्मा और जेई मीटर अमित कुमार ने टीम के साथ विट्टो देवी के घर छापा मारा और मीटर को संट होने की आशंका में सील कर दिया। उपभोक्ता के सामने गुरुवार विभाग में मीटर खोल कर जांच की गई। जेई मीटर अमित ने बताया कि थ्री फेस मीटर में संट नहीं था।
लेकिन बड़ी सफाई से एक छेंद कर थ्रीफेस के तारों में से एक फेस के तार को काट दिया गया। इससे उपभोक्ता को बिजली पूरी मिलती रहती है। लेेकिन मीटर धीमा चलता है। जितनी बिजली खपत के अनुसार रीडिंग नहीं आती है। इस कारण उपभोक्ता पर 64006 रुपये जुर्माना किया गया है।
मीटर में गड़बड़ी करने वाला गिरोह सक्रिय
उपभोक्ताओं को गुमराह कर मीटर में संट लगाने और थ्रीफेस मीटर में एक फेस का तार काटने वाला गिरोह जिले में सक्रिय है। इस गिरोह के सदस्य इस खेल के बदले उपभोक्ताओं से मोटी रकम वसूल करते है। जानकारी मिलने पर महकमे के अधिकारी भी अलर्ट हो गए हैं।
एसडीओ शैलेंद्र सिंह कटियार ने बताया कि यदि ऐसा कोई गैंग सक्रिय है तो उसे जल्द पकड़वाया जाएगा।