शमसाबाद। परचून दुकानदार के घर से चोर नकदी व जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस ने पहुंचकर जांच की। तहरीर के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पीड़ित ने बताया कि करीब तीन लाख की चोरी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर निवासी रामवीर घर में ही परचून की दुकान किए हैं। शुक्रवार रात रामवीर रिश्तेदारी में गए थे। घर में पत्नी नीलम और मां आशा देवी अकेली थीं। रात किसी समय चोरों ने हाथ डालकर मुख्यगेट की कुंडी खोल ली।
इसके बाद चोर कमरे में पहुंचे और दो बक्से चोरी कर ले गए। सुबह जब आशा देवी सोकर उठी तो मुख्यगेट खुला था। कमरे में जाकर देखा तो दो बक्से गायब थे। यह देख वे चीख पड़ीं। शोर सुनकर पड़ोस के लोग भी आ गए। रामवीर ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया।
रामवीर ने बताया कि एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के झाले, अंगूठी व एक लाख रुपये नकद रखे थे। उन्होंने बताया कि करीब तीन लाख रुपये की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि चोरों ने मुख्य गेट की कुंडी हाथ डालकर खोली थी। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)