मोहम्मदाबाद। क्षेत्र के गांव मराहला के पास शुक्रवार देर शाम इटावा-बरेली हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरे भाइयों सहित तीन युवक घायल हो गए। दो घायलों को सीएचसी व एक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमृतपुर क्षेत्र के गांव मंझा की मड़ैया निवासी संतोष (35), अपने चचेरे भाई जनवेश (30) व गांव तौफीक की मड़ैया निवासी साथी संजीव उर्फ सत्यदेव (45) के साथ बाइक से निकले। वह जनपद मैनपुरी के गांव पितौरा निवासी अपनी बुआ उर्मिला के घर से श्रावणी देकर वापस आ रहे थे। शाम करीब सात बजे इटावा-बरेली हाईवे पर गांव मराहला के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। तीनों बाइक सहित हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने संजीव, संतोष व जनवेश को सीएचसी भेजा। वहां डॉ. सनी मिश्रा ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। तीनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। वहीं दूसरा बाइक सवार टक्कर लगने के बाद काफी दूर आगे जाकर गिर गया। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पूछताछ में पता चला कि वह जनपद कानपुर निवासी शैलेंद्र है। खिमसेपुर स्थित बीयर फैक्टरी में नौकरी करता है। वह मदनपुर स्थित होटल से खाना खाने जा रहा था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।